प्रोजेक्ट इंजीनियर पर जानलेवा हमला

रामपुर बुशहर। निर्माणाधीन रामपुर प्रोजेक्ट के कार्य में जुटी निजी कंपनी के इंजीनियर ने निरमंड के बायल गांव के कुछ युवकों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। घटना में इंजीनियर के सिर और अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है।
जम्मू के उधमपुर निवासी इंजीनियर अमित शर्मा पुत्र ईश्वरी राम ने बताया कि वह बुधवार शाम जब अपने आवास की ओर जा रहा था, तो तीन चार युवकों ने उसका रास्ता रोका और मारपीट की। इंजीनियर के साथ चल रहे वर्करों ने बीच बचाव करते हुए उसे छुड़ाया। इंजीनियर के मुताबिक युवकों ने हॉकी व पत्थरों से उन पर प्रहार किया। हमले में अमित के सिर, बाजू और टांगों में चोटें आई हैं। मेडिकल जांच में इसका खुलासा हुआ है।
एसपी कुल्लू डॉ. विनोद कुमार धवन ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और तफ्तीश की जा रही है। इंजीनियर युवकों के नाम नहीं जानता है और सिर्फ उन्हें पहचानता है। प्रोजेक्ट इंजीनियर को बायल गांव ले जाया जाएगा और पहचान करवाकर युवकों पर शिकंजा कसा जाएगा। युवकों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मारपीट का कारण क्या है।

Related posts