
कांगड़ा। अपने प्रेम विवाह को छिपाकर दोबारा शादी रचाने वाली एक युवती को कांगड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके साथ पहले विवाह किया था, पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। मामला हैरत में डालने वाला है। पुलिस थाना कांगड़ा में इस मामले की शिकायत दूल्हे के पिता ने दर्ज करवाई है। कांगड़ा थाने के तहत एक गांव के बलदेव कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह 30 नवंबर को मस्सल गांव में अपने बेटे की बारात लेकर गए और अगले दिन दुल्हन के साथ बारात लेकर घर वापस आ गए। शाम को उनके घर में अश्वनी नाम का युवक आया और उसने कहा कि वह हमारे घर की दुल्हन का पति है। उन दोनों का विवाह एक साल पहले कोर्ट में हो चुका है। वह महिला को लेकर जा रहा है। यह बात सुनते ही दूल्हे और उसके परिजनों के पांव तले जमीन खिसक गई। अपने विवाह संबंधी प्रमाण पत्र लेकर लेकर गांव में शादी वाले घर पहुंचकर उसने कहा कि इस युवती ने कोर्ट में एक साल पहले उसके साथ शादी रचाई थी। मामले की भनक लगते ही गांव के लोग और पंचायत प्रधान भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान अश्वनी की गांव में दूल्हे के रिश्तेदारों और अन्य लोगों के सामने खूब बहसबाजी हुई। खुद के साथ हुई धोखाधड़ी को लेकर दूल्हे के पिता बलदेव कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी।
