
कर्णप्रयाग। युवक पर प्रेम प्रसंग के चलते महिला की हत्या करन का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर विवाहिता का शव बरामद कर लिया। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
चौकी प्रभारी प्रेम सिंह नेगी ने बताया कि 22 जून को घाट ब्लाक के भेटी गांव निवासी कमल सिंह ने अपनी विवाहिता बहन के गुम होने की तहरीर दी थी। जिसमें उसने कहा था कि उसकी बहन नंदी देवी निवासी गांव पगना (घाट) बीते 12 जून को अपने मायके भेटी आई थी। 14 जून को वह परिजनों से कपड़े खरीदने की बात कहकर बाजार गई। तब से घर नहीं लौटी। महिला के भाई ने तहरीर में लाखी गांव निवासी भीम सिंह पर बहन के साथ फोन पर बात किए जाने का शक जाहिर किया था। इस पर पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। जांच में युवक के मोबाइल की काल डिटेल में पाया गया कि बीते 14 जून को उसने महिला से कई बार बात हुई। पुलिस के अनुसार युवक और विवाहिता महिला 14 जून को कर्णप्रयाग में मिले, जहां से वे गैरसैंण के निकले। इसी बीच दोनों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि सौलियाणा गांव की सीमा पर युवक ने महिला की दुपट्टे से गला घोटकर हत्या कर दी।
