प्रावि हरसीला मिला बंद, दो शिक्षकों का वेतन रोका

बागेश्वर। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक रामेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें प्रावि हरसीला में ताले लटके मिले। इसे गंभीरता से लेते हुए डीईओ ने विद्यालय में तैनात दोनों शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी कपकोट को दिए हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में उपस्थिति भी उन्हें कम मिली।
डीईओ ने प्रावि और इंटर कालेज हरसीला, राउमावि आरे, देवलचौंरा, अनर्सा आदि विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें प्रावि हरसीला दिन में 11.50 बजे बंद मिला। विद्यालय में ताला लगा हुआ था। आसपास में पता करने पर जानकारी मिली कि यह विद्यालय 11 बजे बंद हो गया था। शिकायत मिली है कि विद्यालय कभी भी पूरा समय नहीं चलता है। श्री कुशवाहा ने बताया कि इससे पहले भी उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया था। जिसमें यह बात उजागर हुई थी कि विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापक नंदा बल्लभ और सहायक अध्यापक कांता कोरंगा अनियमित अवकाश पर रहते हैं। बिना अवकाश लिए ही विद्यालय बंद कर अपने व्यक्तिगत कार्य के लिए चले जाते हैं। इस संबंध में कारण बताओ नोटिस दिया गया। स्पष्टीकरण के बाद उन्हें माफ किया गया। लेकिन आज समय से पहले विद्यालय बंद कर दोनों शिक्षक नदारद हो गए। उन्होंने आश्चर्य जताया कि विद्यालय के समीप सीआरसी कार्यालय भी स्थित है। इसमें भी ताला लगा हुआ था। उन्होंने उप खंड शिक्षा अधिकारी कपकोट को दोनों शिक्षकों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति भी कम मिली।

Related posts