प्राथमिक पाठशाला लकड़ा में 40 साल से बिजली नहीं

राख (चंबा)। ग्राम पंचायत वंदला के पोलिंग स्टेशन प्राथमिक पाठशाला लकड़ा में बिजली का कनेक्शन नहीं है। वर्ष 1962 में बनी पाठशाला में कई विस, लोकसभा व उप चुनावों के लिए मतदान बिना बिजली के ही हुआ है। बिजली न होने के कारण स्कूली बच्चों को भी खराब मौसम में मुश्किलें झेलनी पड़ती है। मतदान के दौरान भी खराब मौसम होने पर वोटरों को परेशानी झेलनी पड़ती हैं। लोकसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने पोलिंग स्टेशनों में बिजली की व्यवस्था को जरूरी कर दिया है। स्कूल में बिजली की व्यवस्था करने के लिए अभी तक कोई पहल नहीं की गई है। यदि जल्द प्रशासन व बिजली बोर्ड पोलिंग स्टेशन में बिजली पहुंचाने की कोशिश नहीं करता है, तो पोलिंग बूथ में इस मर्तबा भी बिना बिजली के ही मतदान करवाना पड़ेगा। उधर, स्कूल के मुख्याध्यापक ध्यान चंद ने बताया कि दो साल पहले स्कूल में वायरिंग हो चुकी है। इसकी रिपोर्ट विभाग को भी दे दी गई है। पाठशाला गांवों से कुछ दूरी पर स्थित है। उधर, वंदला पंचायत के पूर्व प्रधान अक्षय जरयाल ने विभाग व एडीएम भरमौर से मांग की है कि पोलिंग स्टेशन में बिजली की व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि बिजली की व्यवस्था न होने कारण खराब मौसम में चुनावों के दौरान मतदाताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में एसडीओ अश्वनी ठाकुर ने बताया कि बिजली बोर्ड के पास सामान का अभाव है। बोर्ड के पास सामान पहुंचता है, तो पोलिंग स्टेशन तक बिजली पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts