प्राइमरी खेलकूद स्पर्धाएं 5 अक्तूबर से

नाहन (सिरमौर)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने वीरवार को आरंभिक शिक्षा उपनिदेशक से मिलकर अपनी समस्याओं के अलावा प्रारंभिक स्कूलों में होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताओं की तिथियों के बारे में भी विचार-विमर्श किया गया। संघ के प्रधान नरेश ठाकुर के नेतृत्व में कार्यालय में एक बैठक का भी आयोजन किया गया। जिसमें डीडी प्राइमरी विजय प्रकाश अवस्थी मुख्य रूप से मौजूद थे।
बैठक में बताया गया कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 5 अक्तूबर 2014 से आरंभ होंगी। जो प्रारंभिक शिक्षा खंड राजगढ़ में आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताएं 9 अक्तूबर तक चलेंगी। संघ ने मांग करते हुए कहा कि जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का बजट बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही कुछ तकनीकी नियमों को भी बदला जाना चाहिए। संघ ने कहा कि ऊंचाई तथा वजन के मापदंड बढ़ाकर क्रमश: 142 सेंटीमीटर तथा 32 किलोग्राम किया जाना चाहिए। 60 रुपये प्रति प्रतिभागी प्रतियोगिता शुल्क लिया जाना चाहिए।
संघ ने कहा कि शिक्षक अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंचते हैं। मगर उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता। लंबित पड़ा 4-9-14 का वित्तीय लाभ शीघ्र प्रदान किया जाना चाहिए। बैठक में महासचिव संजय अत्री, एसओ जोगेंद्र चौहान, वरिष्ठ उप प्रधान कमल कैलाश, महासचिव यशपाल ठाकुर, कोषाध्यक्ष किरण राणा के अलावा सभी खंडों के बीईईओ, प्रधान तथा कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे।

Related posts