प्रहलाद बने पंस नगरोटा सूरियां के उपाध्यक्ष

नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां पंचायत समिति के उपाध्यक्ष पद के उप चुनाव में कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। पहले यह सीट भाजपा के घनश्याम शंभू के पास थी लेकिन भाजपा समर्थित सदस्यों ने उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें कुर्सी से हटा दिया था। सोमवार को पंचायत समिति हाल में एसडीएम जवाली के नेतृत्व में उप चुनाव करवाया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों कांग्रेस समर्थित प्रहलाद सिंह, रछपाल ठाकुर व भाजपा समर्थक सुभाष ने नामांकन दायर किया। 26 सदस्यों वाली पंचायत समिति में एक सदस्य नगरोटा सूरियां का पंचायत प्रधान बनने के कारण मतदान से बाहर हो गया। 25 सदस्यों में 24 सदस्य हाजिर हुए। कांग्रेस समर्थित प्रह्लाद सिंह को 9, रछपाल ठाकुर को 8 व भाजपा समर्थित सुभाष को 6 मत हासिल हुए। जवाली के एसडीएम ने प्रहलाद सिंह को विजयी घोषित कर दिया। एक मत रद हो गया। नवनिर्वाचित पंचायत समिति उपाध्यक्ष ने जीत के बाद सभी समर्थकों का धन्यवाद किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से समिति सदस्यों का मानदेय 10 हजार रुपये करने व विधायकों की तर्ज पर पेंशन का प्रावधान करने की भी मांग उठाई।

Related posts