प्रसिद्ध धार्मिक पराशर में बनेगा हैलीपैड : डीसी

मंडी। जिले में पर्यटन विभाग की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक उपायुक्त देवेश कुमार की अध्यक्षता में की गई। उपायुक्त ने कहा कि मंडी जिले में पर्यटकों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। मंडी शहर के सौंदर्यीकरण तथा सैलानियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए करीब 20 करोड़ व्यय किए जाएंगे। मंडी शहर के चौहटा बाजार, टारना मंदिर पार्क, कारगिल पार्क, महात्मा गांधी चौक इत्यादि स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा पैदल पथ तथा नालियों का निर्माण भी किया जाएगा। मंडी जिले के धार्मिक और अन्य पर्यटक स्थलों को विकसित करने के लिए जिले के विभिन्न मंदिरों और स्थलों के जीर्णोंद्वार और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल पराशर पर हैलीपैड का निर्माण किया जाएगा, ताकि पराशर में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और युवाओं को सुविधा उपलब्ध हो सके। जोगिंद्रनगर उपमंडल के बाबा बालक रूपी मंदिर के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण पर 25 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। लक्ष्मी नारायण मंदिर के नवीनीकरण पर पांच लाख की राशि व्यय की जा रही है। रिवालसर झील के सौंदर्यीकरण पर एक करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। पर्यटकों की सुविधा के लिए रिवालसर में 10 लाख की लागत से पार्किंग स्थल का निर्माण किया जा रहा है। जोगिंद्रनगर में 30 लाख की लागत से पार्किंग स्थल का निर्माण किया जा रहा है। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी एवं आरटीओ मदन कुमार, आईएएस (परीविक्षाधीन) हरिकेश मीणा, एसडीएम सदर शुभकरण सिंह, डीएफओ मंडी एचके सरवटा आदि अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts