
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज की प्रशिक्षु महिला डाक्टर के समर्थन में प्रदेश मेडिकल आफिसर एसोसिएशन भी उतर आई है। आफिसर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को भेजे पत्र में छेड़छाड़ के आरोपी कर्मचारी नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन ने आईजीएमसी में मेडिकल स्टूडेंट्स की सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने की मांग भी उठाई है।
प्रदेश मेडिकल आफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. सुशील चंद्र, महासचिव डा. जीवानंद चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. एसएल शर्मा, प्रेस सचिव डा. सुशील शर्मा, उपाध्यक्ष डा. यशपाल रांटा, डा. संगीत ढिल्लो और सह सचिव डा. राहुल राव ने छेड़छाड़ की शिकायत करने की हिम्मत करने पर प्रशिक्षु महिला डाक्टर को सराहा है। एसोसिएशन का कहना है कि इस मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए। एसोसिएशन प्रशिक्षु डाक्टर के साथ खड़ी है। छेड़छाड़ जैसा मामला दोबारा न हो, इसके लिए आरोपी कर्मचारी नेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि छेड़छाड़ करने वाले लोगों को सख्त संदेश जाए और भविष्य में कोई इस तरह का कदम न उठाए। पदाधिकारियों ने कहा कि मेडिकल स्टूडेंट्स की कैंपस में सुरक्षा के लिए विशेष बंदोबस्त किए जाने की भी आवश्यकता है। विभिन्न स्थानों से यहां स्टूडेंट्स पढ़ाई करने पहुंचे हैं। इन्हें सुरक्षा देना सरकार का कर्तव्य है। इसके अलावा अस्पताल में डाक्टरों की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता प्रबंध करने की एसोसिएशन ने मांग की है।
