प्रशिक्षु छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान

सुंदरनगर (मंडी)। जवाहर लाल नेहरूराजकीय इंजीनियरिंग कालेज में पढ़ने वाली सिविल ट्रेड की प्रथम वर्ष की छात्रा ने बुधवार रात पेइंग गेस्ट हाउस में फंदा लगा कर अपनी इहलीला समाप्त कर दी। वीरवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
सुंदरनगर के राजकीय इंजीनियरिंग कालेज की प्रशिक्षु सिरमौर के रेणुका निवासी ममता (20) ने बुधवार रात करीब नौ बजे एक निजी पेइंग गेस्ट हाउस में फंदा लगा कर खुदकुशी कर दी। जिस समय यह घटना हुई, उस समय पीजी में रहने वाली अन्य लड़कियां रात्रि भोज करने के लिए मैस में गई हुई थीं। जब ममता की रूम पार्टनर खाना खाकर वापस लौटी तो उसने उसे कमरे में फंदे से झुलते हुए पाया। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा वहां से पुलिस युवती को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृतका के कमरे की तलाशी में सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपने माता-पिता से इस कदम के लिए माफी मांगी है। वीरवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर इसे परिजनों को सौंप दिया है। इस मौके पर साथी प्रशिक्षुओं ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। वहीं युवती के मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है, जिसके काल रिकार्ड की जांच की जा रही है।

Related posts