प्रशिक्षित आर्ट एंड क्राफ्ट बेरोजगार लामबंद

पधर (मंडी) ड्राइंग टीचर के 3306 आवेदन रद्द करने के मामले पर आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षु राज्य सरकार के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। पधर उपमंडल के दर्जनों बेरोजगार अभ्यर्थियों ने सरकार की ओर से संशोधित आरएंडपी रुल्स के तहत दस जमा दो में 50 प्रतिशत अंक की शर्त में छूट प्रदान करने की मांग सरकार से उठाई है। संघ ने साफ शब्दों में कहा है कि राज्य सरकार छूट नहीं देती है तो प्रशिक्षित बेरोजगार सड़क पर उतर जाएंगे।
प्रशिक्षित बेरोजगारों में शोभा देवी, कमला देवी, दीपा कुमारी, वंदना ठाकुर, निर्मला देवी, जय सिंह, पवन कुमार और जसवंत सिंह ने कहा कि नए नियमों को पूर्व में प्रशिक्षित अभ्यर्थियों पर लागू करना किसी प्रकार से तर्कसंगत नहीं है। सभी अभ्यर्थियों ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने ही प्रदेश में एससीवीटी संस्थान शुरू किए थे और कोर्स के लिए शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की थी। जिस समय प्लस टू में 50 प्रतिशत अंकों की कोई शर्त नहीं थी। अब सभी अभ्यर्थियों पर नए नियम लागू कर बेरोजगारों के साथ छलावा किया जा रहा है। कहा कि 3306 आवेदनों को रद्द कर देने से अभ्यर्थियोें के साथ-साथ उनके परिवारों की उम्मीदों को भी झटका लगा है। जबकि, पूर्व में प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को पुराने नियमों के हिसाब से ही पदों में आवेदन करने के लिए छूट देनी चाहिए थी। प्रशिक्षित बेरोजगारों ने सरकार से मांग की है कि अभ्यर्थियों को नए मापदंडों में छूट देकर रोल नंबर जारी किए जाएं। अन्यथा उन्हें मजबूरन विरोध के लिए सड़क पर उतरना पड़ेगा।

Related posts