
चंबा। उपायुक्त संदीप कदम की अध्यक्षता में चंबा वरिष्ठ नागरिक कल्याण सोसायटी की बैठक हुई। इस दौरान सासोयटी की ओर से प्रस्तुत 36 से अधिक मामलों पर प्रतिक्रिया प्रकट करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जो मामले उनसे संबंधित हैं, उन पर पूर्ण तत्परता एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से विचार किया जाएगा। साथ ही जो प्रदेश सरकार से संबंधित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सरकार को प्रेषित किया जाएगा। इस मौके पर उपायुक्त से शहर की सफाई, स्वास्थ्य, चौगान, स्ट्रीट लाइटें, यातायात व्यवस्था, विद्युत व पेयजल के बिलों के भुगतान संबंधी, फायर हाइडेंट, लोकल बसों की अतिरिक्त व्यवस्था, बैंकों संबंधी कठिनाइयां, पेंशनरों के बैंको से भुगतान करवाने के बारे में, बसों में वरिष्ठ नागरिकों
के लिए सीट निर्धारण, डे केयर सेंटर व ओल्ड एज होम स्थापित करवाने, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंक में अतिरिक्त काउंटर स्थापित करने के बारे में और एंडीस्कापी सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की गई। इस अवसर पर जिला भर के लगभग 60 वरिष्ठ नागरिकों की ओर से प्रस्तुत मुद्दों पर जिला के सभी उच्चाधिरी व संबंधित कर्मचारियों ने लगभग दो घंटे तक गहनता से मंथन किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक कल्याण सोसायटी के अध्यक्ष पीसी ओबराय ने इस प्रकार की बैठकों को तीन माह या छमाही के अंतराल में आयोजित करने की मांग की।
