
कालाअंब (सिरमौर)। सैकड़ों किलोमीटर दूर से मेहनत मजदूरी कर दो जून की रोटी का प्रबंध करने वाले गरीब कामगारों के आशियाने के साथ अरमान भी जलकर राख हो गए। बुधवार को सुबह 10 बजे के करीब कालाअंब क्षेत्र के खैरी गांव में लगी आग ने पल भर में ही गरीब मजदूरों का सब कुछ नष्ट कर दिया। इस भीषण हादसे में जहां 30 परिवार बेघर हो गए वहीं घटनास्थल पर काली राख के सिवा कुछ शेष नहीं बचा। जबकि दर्जनों लोग इस आग में झुलसे हैं।
हालांकि जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को मंदिर त्रिलोकपुर से कंबल, कपड़े, टैंट तथा अन्य खाद्य सामग्री मुहैया करवाई गई है। वहीं दमकल की गाड़ियों के आने का इंतजार किए बिना स्थानीय निवासी जयदीप चौहान, धनबीर सिंह, किरण चौहान, वीरेंद्र परमार, करनैल सिंह, रवि धीमान, पवन ठाकुर तथा शक्ति सिंह आदि ने भीषण आग की लपटों से झोपड़ियों को बचाने का प्रयास किया। एसडीएम नाहन ज्योति राणा ने बताया कि उपायुक्त प्रियांतु मंडल केे आदेशों पर पीड़ितों को जरूरत के हिसाब से सभी सामग्री उपलब्ध करवा दी गई है।
