
देवाल। पिंडर और कैल नदी पर हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए प्रशासन ने अब कमर कस ली है। उप जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्वालदम और देवाल के पटवारी ने सोमवार को माफिया की ओर से बनाए गए मार्गाे को अवरुद्ध कर दिया। क्षेत्र में अब अवैध खनन रोकने के लिए नियमित चेकिंग की जाएगी।
सोमवार को अमर उजाला ने ‘पिडर-कैल में धडल्ले से हो रहा अवैध खनन’ के शीर्षक से खबर प्रकाशित कर शासन – प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। जिसका प्रशासन ने संज्ञान लिया। एसडीएम के निर्देश पर देवाल और ग्वालदम के पटवारी ने पिंडर और कैल नदी किनारों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नंदकेशरी में खनन क्षेत्र तक जाने के लिए तस्करों की ओर से बनाए गए रास्ते को जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यहां करीब आठ मीटर का गहरा गड्ढा भी बनाया गया जिससे खनन सामग्री के लिए कोई वाहन नदी किनारे नहीं जा सके। दूसरी तरफ चेपडों में भी अवैध खनन रोकने के लिए राजस्व पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं।
इनका कहना है —
अवैध खनन रोकने के लिए हरसंभव प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। राजस्व पुलिस की मदद से नियमित चेकिंग की जाएगी। प्राथमिकता सड़क से खनन स्थल तक बने रास्तों को ध्वस्त करने की दी जा रही है, जिससे नदियों के किनारे वाहन न ले जाए जा सकें । तहसील में स्टाफ की कमी के चलते कुछ समस्याएं भी हो रही हैं।
– विवेक प्रकाश उप जिलाधिकारी, थराली
