प्रशासन और नप के इंतजाम बेपर्दा

सोलन। भारी बारिश ने प्रशासन और नगर परिषद के बरसात के सीजन के लिए किए गए इंतजाम बेपर्दा कर दिए हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुई मूसलाधार बारिश ने सोलन की गलियों को पानी से भर दिया। पानी की निकासी के लिए बनीं नालियां बंद हो गईं, ऐसे में सड़कों पर गंदगी ही गंदगी फैल गई।
चौक बाजार में तो चलना तक मुश्किल हो गया। पानी की निकासी के लिए बनीं नालियों के बंद होने के कारण पानी नालियों के ऊपर बहने लगा। गंज बाजार, लक्कड़ बाजार और कोट नाला में भी छह घरों में तेज बारिश के कारण पानी जा घुसा। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। माल रोड पर भी भारी बारिश के कारण नालियां बंद होने के कारण पानी सड़क पर बहता दिखा।

दोपहर एक बजे
दोपहर एक व्यवस्था बुरी तरह से हांफती दिखी। पानी सड़कों में इकट्ठा हो गया। जिसके कारण पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना कर पड़ा।

वार्ड नंबर सात-आठ में हाल बेहाल
बारिश के कारण वार्ड नंबर सात और आठ में भी लोग काफी परेशान दिखे। हीरा सिंह कंवर, पूनम कौर, गुरमीत सिंह, बलजीत कौर, घनश्याम मेहता, उमेश जोशी, रजनी शर्मा, एचआर गुप्ता और पवन गुप्ता के अनुसार नाले के कारण उन्हें हर बारिश में समस्या आती है। लोगों ने नुकसान का दावा भी किया है। लोगों ने नाले में चैंबर लगाकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

जरूरत पड़ी तो छेड़ेंगे विशेष अभियान
वहीं इस संबंध में सोलन नगर परिषद के अध्यक्ष कुल राकेश पंत ने कहा कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। मानसून आगमन से पहले शहर में ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त किया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो विशेष अभियान छेड़ा जाएगा।

व्यवस्था होगी दुरुस्त
इस संबंध में उपायुक्त मीरा मोहंती ने कहा कि बरसात से निपटने के लिए संबंधित विभागों को और नगर परिषदों को निर्देश दिए जा चुके हैं। शहर में सफाई व्यवस्था और चॉक ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा।

Related posts