
कोटद्वार। जयहरीखाल के ब्लॉक प्रमुख के हमले से घायल व्यक्ति के पुत्र ने डीएम को पत्र भेजकर अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही मामले की जांच रेगुलर पुलिस को सौंपने की मांग की है। प्रमुख पर बस्यूर निवासी राजेंद्र प्रसाद पर 28 अगस्त को दरांती से हमला करने का आरोप है।
राजस्व पुलिस ने तहरीर के आधार पर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। दो सितंबर को ब्लॉक प्रमुख अरुण खंतवाल ने लैंसडौन कोर्ट में सरेंडर करते हुए जमानत ले ली है। उसके बाद पीड़ित राजेंद्र के पुत्र प्रवीन कुमार ने डीएम को पत्र भेजकर ब्लॉक प्रमुख के बाहर खुलेे में घूमने से उनके परिवार में दहशत बढ़ गई है। उन्हाेंने आरोप लगाया है कि राजस्व उपनिरीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास नहीं किए। यही वजह है कि आरोपी ने कोर्ट से जमानत ले ली, लेकिन राजस्व पुलिस को भनक भी नहीं लगी। उन्हाेंने इस मामले की जांच रेगुलर पुलिस में देने की मांग की हैै।
हायर सेंटर रेफर हुआ पीड़ित
चोटिल राजेंद्र प्रसाद को चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। उसको नोएडा ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि उसके टांकों में संक्रमण फैलने से उसमें पस भरने लगा था। जख्म गहरा होने से उसके भरने में समय लग रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने उसको रेफर कर दिया।
