प्रमाणपत्र बनाने को 28 किमी का चक्कर

रोनहाट (सिरमौर)। विकास खंड शिलाई की उपतहसील रोनहाट में पिछले करीब 6 माह से नायब तहसीलदार का पद रिक्त पड़ा हुआ है। जिसके चलते लाधी जोन की 11 पंचायतों के लोगों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए 28 किलोमीटर दूर शिलाई जाना पड़ रहा है। जिससे ग्रामीणों का समय के साथ-साथ अतिरिक्त पैसा भी खर्च हो रहा है।
पंचायत के युवा प्रकाश, अनिल, हेमंत, प्रताप सिंह व जगत सिंह आदि ने बताया कि अभी हाल ही में परिचालकों की भर्ती है। उसके लिए प्रमाण पत्र बनाने के लिए उन्हें शिलाई तहसील के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इसके अलावा यहां के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने के लिए भी शिलाई जाना पड़ रहा है। पंचायत प्रधान कोटी बोंच उर्मिला सिंगटा, पनोग पंचायत प्रधान दिउडू राम, सखोली पंचायत प्रधान आशा देवी और जिला परिषद सदस्य दलीप सिंह चौहान ने सरकार से मांग की है कि शीघ्र ही रोनहाट उप तहसील में नायब तहसीलदार का पद भरा जाए। इस संबंध में एसडीएम पांवटा श्रवण मांटा ने बताया कि रोनहाट उप तहसील में नायब तहसीलदार का पद रिक्त होने पर सप्ताह में बुधवार के दिन शिलाई तहसीलदार को डेपुटेशन पर भेजा जा रहा है।

Related posts