प्रभावित बेरोजगारों को रोजगार देगी ‘मन्नत’

रुद्रप्रयाग। आपदा से बेरोजगार हुए लोगाें की मदद को मुबई की मन्नत संस्था आगे आई है। संस्था की ओर से दिल्ली, मुंबई समेत विभिन्न शहरों में आपदा प्रभावित युवाआें को रोजगार दिलवाया जाएगा। साथ ही संस्था प्रभावित क्षेत्र में बेसहारा हुए पांच से दस वर्ष के बच्चाें को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करेगी। इस संबंध में मन्नत संस्था के संस्थापक ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर प्रभाविताें की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
रुद्रप्रयाग, चमोली जिले में लोगाें की आर्थिकी मुख्य रूप से चारधाम यात्रा से जुड़ी है। आपदा के बाद दोनाें जिलाें में व्यवसायी भविष्य को लेकर चिंतित है। इसी को ध्यान में रखकर मन्नत संस्था द्वारा प्रभाविताें को रोजगार मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है। मन्नत के संस्थापक गणेश सनवाल ने बताया कि प्रभावित सौ युवाआें को संस्था द्वारा मुंबई, दिल्ली समेत विभिन्न शहरों में रोजगार मुहैया कराया जाएगा। इसके लिए लक्ष्य ग्लोबल लॉजिस्टिक लिमिटेड, गणेश सनवाल लॉजिटेक, एटीओ लिमिटेड कंपनी से वार्ता हुई है। इसके अलावा आपदा से बेसहारा हुए पांच से दस वर्ष के बच्चाें को निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था भी की जाएगी।

Related posts