
बडग्रां (चंबा)। वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने बुधवार को सड़क हादसे से प्रभावित बडग्रां पंचायत के पलाणी गांव का दौरा किया। उन्होंने दिवंगत युवकों के परिजनों से मिल कर उन्हें ढांढस बंधाया और सरकारी सहायता के चेक वितरित किए। जैसे ही वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी गांव में पहुंचे तो गांव का वातावरण पीड़ित परिवारों के दर्द से गमगीन हो गया। मृतकों के परिजनों के आसुंओं और चित्कारों से वहां मौजूद सभी लोग द्रवित हो उठे। यह देख कर वन मंत्री भी अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख पाए। भरमौरी इस दुखद घटना के प्रभावित सभी परिवारों से मिले। इस मौके पर वन मंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 1 लाख 40 हजार का चेक भेंट कर दिवंगत आत्माओं को शांति के लिए प्रार्थना की। इससे पहले घटना वाले दिन 10-10 हजार की राशि फौरी राहत के रूप में एडीएम भरमौरी बीआर कमल ने परिजनों को उपलब्ध करवाई थी। इस मौके पर ठाकुर सिंह भरमौरी ने लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों को पलानी मार्ग की मरम्मत करवाने के दिशा निर्देश दिए और कहा कि क्षेत्र का कोई भी मार्ग मरम्मत की कमी के कारण दुर्घटना का कारण न बने। उन्होंने कहा कि इसके लिए संबंधित अधिकारी अपनी निजी जिम्मेवारी का तत्परता से निर्वहन करें। उन्होंने पलाणी पुल को भी शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि विकास एवं जनकल्याण की योजनाओं को पूर्ण करने के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। भरमौरी ने प्रभावित परिवारों को यथा संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि 12 युवाओं की इस आकस्मिक मौत से पूरा प्रदेश सिहर गया है। भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों इसके लिए सभी को सचेत रहना चाहिए। इस दौरान संचुई ग्राम पंचायत के प्रधान कमलेश कुमार के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी कर्मचारी, पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहे।
