प्रभावितों की सूची में 31 नाम फर्जी

धारचूला (पिथौरागढ़)। न्यू सुवा, सोबला क्षेत्र के आपदा प्रभावितों ने आपदा प्रभावितों की सूची में 31 नाम फर्जी होने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। प्रभावितों का कहना है कि इनमें से कई लोगों को लाखों रुपये का मुआवजा प्रशासन बांट चुका है?
एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में आपदा प्रभावितों ने कहा है कि न्यू सुवा, कंच्योती, सोबला क्षेत्र में आपदा प्रभावितों की जो सूची बनी है। उसमें 31 लोग फर्जी हैं। यह लोग क्षेत्र में रहते ही नहीं है। इन लोगों के मकान 17 जून की बाढ़ में नहीं बहे हैं। तहसील प्रशासन ने कुछ लोगों को मुआवजा भी बांट दिया है। ऐसे लोगों का नाम सूची से हटाकर इन लोगों से सरकारी धन की वसूली की जानी चाहिए। गलत सूची बनाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही होनी चाहिए।
इन लोगों ने इस मामले में सत्ताधारी दल के नेताओं का हाथ बताया है। ज्ञापन सौंपने वालों में नेत्र सिंह, प्रेम सिंह, दीवान सिंह, गोपाल सिंह, शंकर राम, जय सिंह, मान सिंह, दौलत सिंह, गणेश राम शामिल थे। बता दें कि कुछ रोज पहले भाजपाइयों ने भी एक ही परिवार के एक ही मकान में रहने वाले पांच लोगों को अलग-अलग मुआवजा देने का मामला प्रशासन के सामने उठाया था।

Related posts