
गरुड़। आवासीय भत्ता नहीं मिलने से क्षुब्ध प्राथमिक विद्यालय अमोली की प्रधानाध्यापिका दूसरे दिन फिर बीईओ कार्यालय के सामने बिस्तर डालकर धरने पर बैठ गई। अध्यापिका ने ऐलान किया है कि न्याय मिलने के बाद ही वह आंदोलन समाप्त करेगी।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय अमोली की प्रधानाध्यापिका भगवती गोस्वामी आंदोलन के दूसरे दिन भी अपने स्कूल में छुट्टी करने के बाद आवासीय भत्ते की मांग को लेकर घर से बिस्तर लेकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंच गईं और बिस्तर डालकर धरना शुरु कर दिया। अध्यापिका का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी डेढ़ साल से आवासीय किराया भत्ता एचआरए का भुुगतान करने के मामले में उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहे है। उधर, एसडीएम अनिल चन्याल ने बीईओ से मामले का शीघ्र निस्तारण करने करने के निर्देश दिए हैं। उधर, प्राथमिक शिक्षक संगठन के ब्लाक अध्यक्ष भुवन ममगई ने अध्यापिका की मांग को जायज बताया है। आज साधन सहकारी समिति डगोली के अध्यक्ष बलंवत भंडारी, नरेंद्र कुमार आर्य, शंकर सिंह नेगी उर्फ शाह जी, शिक्षक नेता गोपाल सिंह कुटोलिया, प्रेम दोसाद, नीमा वर्मा, नवीन मिश्रा, रणजीत पिमोली ने आंदोलन स्थल पर जाकर अध्यापिका को अपना समर्थन दिया।
