
हल्द्वानी। ओखलकांडा के च्यूरीगाड़ गांव में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पीटकर एक दंपति ने अर्द्धवार्षिक परीक्षा की कापी, प्रश्नपत्र और नकदी लूट ली। दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर राजस्व पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायल प्रधानाध्यापक ने बेस अस्पताल में उपचार कराया है।
च्यूरीगाड़ के प्रधानाध्यापक खीमा नंद पलड़िया ने 15 अक्तूबर को राजस्व पुलिस में शिकायत की कि वह 14 अक्तूबर की शाम अर्द्ध वार्षिक परीक्षा की कापी और प्रश्नपत्र (बंडल में रखे थे) को लेकर मकान के पास गाड़ी से उतरा। आरोप लगाया इसी दौरान राजेंद्र प्रसाद और उसकी पत्नी निवासी कालागढ़ी लाठी-डंडे लेकर आए और उसे पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह वह जान बचाकर घर में घुस गया, दंपति भी घर में घुस गए। आरोप लगाया कि घर में कुर्सी पर कापी, प्रश्नपत्र के दो बंडल रखे थे। दंपति ने एक बंडल और झोले में रखी दस पेन और तीन सौ रुपये भी लूट लिए। दंपति ने उसे घर से बाहर सड़क पर खींचकर मारपीट की। परिजनों के बीचबचाव करने पर दंपति धमकी देकर फरार हो गए। प्रधानाध्यापक ने कहा कि हल्द्वानी के बेस अस्पताल में इलाज कराकर उसने राजस्व पुलिस चौकी में शिकायत की। बबियाड़ राजस्व पुलिस ने दंपति के खिलाफ धारा 392 और 452 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
प्रभावित परीक्षा 21 अक्तूबर को होगी
प्रधानाध्यापक खीमानंद पलड़िया ने बताया कि दंपति के अर्द्ध वार्षिक परीक्षा की सामग्री लूटकर ले जाने के कारण 15 अक्तूबर को होने वाली परीक्षा प्रभावित हुई थी। अब वही परीक्षा अधिकारियों के निर्देशानुसार 21 अक्तूबर को संपन्न कराई जाएगी।
