
जुब्बल (शिमला)। कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास को गति मिली है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में करोड़ों रुपये की लाभकारी योजनाएं चल रही हैं, जिसका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। यह बात सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने रविवार को बढ़ाल में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
शांडिल ने इस दौरान घयान-सलाला-घापली-सुजाला संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। मंत्री ने कहा कि सड़क से चार गांवों के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार बागवानों तथा किसानों के हितों के प्रति वचनबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से सड़कों के निर्माण किए जा रहे हैं। सड़काें के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए कार्य आरंभ होंगे। बागवानों तथा किसानों को अपने उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही युवाओं को भी रोजगार के बेहतर अवसर सृजित होंगे। उन्होंने पंचशील क्लब बढ़ाल को तीस हजार रुपये की राशि प्रोत्साहन के रूप में देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर ने कहा कि ठियोग-हाटकोटी सड़क के लिए 321 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। शीघ्र सड़क का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरोट सड़क को पक्का करने के लिए भी धन राशि स्वीकृत कर दी गई है। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रमेश चौहान, नगर पंचायत जुब्बल के पूर्व अध्यक्ष जोगिंद्र चौहान, जिला परिषद सदस्य शारदा ठाकुर, वीरेंद्र घेजटा, पंचायत समिति अध्यक्ष मोती लाल सिथटा, मांदल पंचायत प्रधान मदन शक्तान सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।
