
जोगिंद्रनगर (मंडी )। मंडी संसदीय चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने वीरवार को अपने चुनावी अभियान के तहत जोगिंद्रनगर विधानसभा चुनाव क्षेत्र के तहत तुलाह, लांगणा, बसाही, मच्छयाल, मसौली, हराबाग, सेंथल और सुकाबाग में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। कहा कि प्रदेश का विकास कांग्रेस की देन है। भाजपा के नेताओं को झूठा श्रेय लेने की आदत पड़ गई है। लेकिन, प्रदेश की जनता जानती है कि प्रदेश के विकास में किसका हाथ रहा है। मतदाता भाजपा के इस बहकावे में नहीं आने वाले हैं। उन्हाेंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों को लेकर जनता से वोट की अपील करें। जोगिंद्रनगर का विकास कांग्रेस पार्टी की ही देन रहा है। केद्र की यूपीए सरकार ने अपने पांच वर्षों के इस कार्यकाल में हर वर्ग को राहत पहुंचाई है। दूसरी ओर एनडीए का कुनवा बिखराव की ओर है। प्रतिभा सिंह ने जोगिंद्रनगर में पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी जीत निश्चित है, लेकिन प्रदेश की नजरें जोगिंद्रनगर हलके पर है कि यहां से कितनी लीड कांग्रेस को मिलती है। प्रतिभा के इस चुनावी अभियान में चुनाव प्रभारी एवं शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, विधायक यादविंद्र गोमा, पूर्व विधायक सुरेंद्रपाल, ब्लाक के अध्यक्ष जगमोहन सिंह ठाकुर, जिला महासचिव राकेश चौहान और रंजन शर्मा, डा. राकेश धरवाल, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष संजय ठाकुर सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
