प्रदेश में आज येलो, कल ऑरेंज अलर्ट

शिमला/कुल्लू/
PIC
कोरोना से बचाव को लेकर जनता कर्फ्यू के बीच विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे समेत लाहौल और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में कुल्लू, मनाली और रिकांगपिओ में बारिश से पारा गिर गया है। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को प्रदेश भर में येलो, जबकि मंगलवार को मैदानों में येलो और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश भर में 28 मार्च तक मौसम खराब बना रहेगा।

रोहतांग दर्रे के अलावा बारालाचा, मकरवे, कुंजुम जोत, शिगरी ग्लेशियर सहित कुल्लू-मनाली की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। रोहतांग दर्रा में 15 सेंटीमीटर, कोकसर में 10 और केलांग में तीन सेंटीमीटर तक ताजा बर्फबारी हुई है। रविवार दोपहर से मौसम साफ रहा। हालांकि, राजधानी शिमला में बादलों की लुकाछिपी रही। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और तापमान में उतार-चढ़ाव से किसान-बागवानों की चिंता बढ़ गई है। गुठलीदार फलों की सेटिंग में देरी होने से बागवानों की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है।

शहर             न्यूनतम तापमान
केलांग          -1.4
कल्पा           2.0
कुफरी           2.4
मनाली         3.6
शिमला         5.9
धर्मशाला      9.0

Related posts