प्रदेश में आज और कल है भारी बारिश की आशंका

देहरादून। प्रदेश में अगले 48 घंटे (रविवार और सोमवार) में एक-दो स्थानों पर बेहद भारी बारिश की आशंका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी जारी करते हुए सतर्क रहने की बात कही है।

राज्य मौसम केंद्र ने प्रदेश में कुछ स्थानों पर मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई है। इनमें कुमाऊं के पिथौरागढ़, अल्मोड़ा जनपदों समेत गढ़वाल के रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और कुछ मैदानी क्षेत्र शामिल हैं।

ज्यादातर जगह 10 से 30 मिलीमीटर तो कहीं-कहीं 40 से 60 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। उधर, शनिवार को राज्य भर में बारिश का सिलसिला कायम रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक पंतनगर में 8.2, मुक्तेश्वर में 10.6, टिहरी में 0.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। दून में भी कई दफा बादल बरसे। इससे लोगों को उमस से राहत मिली। कुल 1.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आर्द्रता का प्रतिशत अधिकतम 97, जबकि न्यूनतम 86 दर्ज किया गया। रविवार को भी दून में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना है। एक-दो दौर तेज बारिश के हो सकते हैं। इसका माप 20 से 40 मिलीमीटर के बीच रहने की संभावना है। तापमान में बढ़ोत्तरी संभावित है। अधिकतम तापमान 30, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Related posts