
चौखुटिया। बाल अधिकार संरक्षण आयोग के प्रदेश अध्यक्ष अजय सेतिया ने कहा है कि सभी बच्चों को शिक्षा सुलभ कराने की दिशा में आयोग दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में शिकायत पेटी लगाई जाएगी। बच्चों के शिकायती पत्रों को एकत्रित कर उन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
श्री सेतिया ग्राम पंचायत बसभीड़ा के घुंघोली में अमन संस्था द्वारा आयोजित शिक्षा और बच्चों के पारिस्थितिकीय अधिकार विषयक गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पहाड़ की दुर्गम परिस्थितियों के कारण शिक्षा का अधिकार कानून लागू होने में कुछ कठिनाइयां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में शौचालय और पानी नहीं है उनका भी संज्ञान लिया जा रहा है। इससे पूर्व अमन संस्था के निदेशक रघु तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता सेवा निवृत्त कैप्टेन माधोसिंह और संचालन कविता बड़ौला और नीलीमा भट्ट ने किया।
बाद में बाल मेले का भी आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने कविता, कहानी भाषण आदि कार्यक्रमों में भाग लिया। इस मौके पर तहसीलदार आनंद सिंह भंडारी, बीईओ एसपी दोहरे, बालादत्त तिवारी, जसीराम, मोहन कांडपाल, तुलसी देवी तथा देवकी देवी आदि ने विचार व्यक्त किए।
