
हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बज चुका है। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष, सचिव समेत विभिन्न पदों के लिए 66 प्रत्याशियों ने नामांकन कराए। एनएसयूआई से अध्यक्ष पद प्रत्याशी लालसिंह पवार और एबीवीपी से सुरेंद्र सिंह नगदली ने शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन कराए।
डिग्री कालेज में बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई। साढ़े 11 बजे एनएसयूआई और एबीवीपी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी जुलूस के साथ कालेज पहुंचे। एनएसयूआई से अध्यक्ष प्रत्याशी लालसिंह पवार का नामांकन जुलूस नैनीताल रोड स्थित कार्यालय से शुरू होकर कालेज परिसर में पहुंचा। लाल टीशर्ट पहने समर्थक लालसिंह पवार को कंधे पर बैठाकर चल रहे थे। कालेज के मुख्य ग्राउंड में रैली निकालने के बाद लालसिंह पवार ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, जिलाध्यक्ष तरुण साह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नितिन बल्यूटिया, सुशील डुंगराकोटी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री ललित जोशी, केदार पलडिया, जगमोहन चिलवाल, प्रमोद कोटलिया, गुरुप्रीत सिंह प्रिंस, देवेंद्र मेर, सुरेंद्र नागरकोटी, विशाल नेगी, अमित कांडपाल, विनीत बल्यूटिया, हिमांशु कबडवाल, सुरेश नौला, देवेंद्र बिष्ट, धीरज भट्ट, हेम बजेठा, दीप जोशी आदि थे।
एबीवीपी से अध्यक्ष पद प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नगदली का जुलूस परिषद कार्यालय जगदंबा नगर कार्यालय से शुरू होकर नवाबी रोड, नैनीताल रोड होते हुए कालेज पहुंचा। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को झंडे कालेज के अंदर नहीं ले जाने दिए। नगदली के समर्थकों ने उसे कंधे पर उठाकर कालेज के मुख्य ग्राउंड में रैली निकाल कर शक्ति प्रदर्शन किया और आतिशबाजी की। जुलूस में दीपक पांडे स्वामी विवेकानंद और दूसरे कार्यकर्ता हनुमानजी की वेशभूषा में आए थे। नगदली ने 11 बजकर 05 मिनट पर नामांकन कराया। इस दौरान बृजेश बनकोटी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जगदीश बिष्ट, दीपक सनवाल, विरेंद्र सिंह बिष्ट, पान सिंह मेवाड़ी, बहादुर सिंह नगदली, प्रमोद बोरा, चतुर बोरा, चंद्रप्रकाश तिवारी, हेम सुयाल, आलम नगदली, पूर्व छात्रमहासंघ अध्यक्ष पुष्कर कोश्यारी, राजेंद्र जीना, बब्लू पंतोला, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विकास भगत, सुरेश गौड़, दीपू नेगी, भूपेंद्र सिंह किरौला आदि थे।
इसके अलावा उपाध्यक्ष प्रत्याशी भूपाल सिंह कुंवर के नामांकन जुलूस में एनएसयूआई के मनोज भट्ट, विपिन परगांई आदि थे। सचिव पद के प्रत्याशी गौरव सिंह रौतेला के जुलूस में भी हनुमानजी की वेशभूषा में तथा संयुक्त सचिव संजय रावत के जुलूस में मुखौटे पहने समर्थक आए थे। रावत के जुलूस में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष कौशल पांडे, दीपा उप्रेती, सूरज दुर्गापाल, हिमांशु अग्निहोत्री आदि शामिल थे। सचिव पद के प्रत्याशी विरेंद्र सिंह ने भी छात्रनेता डिकर सिंह मेवाड़ी समेत समर्थकों के साथ नामांकन कराया। इस पद पर गीतम बिष्ट ने भी नामांकन कराया। छात्रनेता हरपिंदर सिंह ने समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर अपने साथी संजय नेगी का उपाध्यक्ष पद पर नामांकन कराया। संयुक्त सचिव के प्रत्याशी विरेंद्र सिंह, मुकेश बिष्ट, कोषाध्यक्ष नवीन मेहरा, नेहा आदि प्रत्याशियों ने जुलूस के साथ नामांकन कराया। इस दौरान कालेज परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा।
