
अल्मोड़ा। पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में डाक्टर आना नहीं चाहते दूसरी तरफ जो डाक्टर यहां रहना चाहते हैं उन्हें स्वास्थ्य विभाग स्थानांतरित कर देता है। खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। स्वास्थ्य विभाग ने अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में कार्यरत बाल रोग विशेषज्ञ डा. प्रीति पंत का स्थानांतरण हल्द्वानी के लिए कर दिया है। उनके स्थान पर कोई प्रतिस्थानी नहीं भेजा गया है।
बेस अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डा. प्रीति पंत अल्मोड़ा में ही रहकर काम करना चाहती हैं। लेकिन उनका स्थानांतरण हल्द्वानी कर दिया गया है। उनकी जगह पर किसी अन्य डाक्टर को भी नहीं भेजा गया है। बेस अस्पताल में डाक्टरों के कई पद पहले से ही खाली चल रहे हैं। इस स्थिति के चलते आम जनता की दिक्कतें और भी बढ़ जाएंगी।
यह भी उल्लेखनीय है कि मैदानी इलाके से कोई डाक्टर स्थानांतरित होकर पर्वतीय क्षेत्र में नहीं आना चाहता। यदि फिर भी उन्हें पहाड़ को स्थानांतरित कर दिया गया तो अधिकांशत: वह ज्वाइन करने के बाद लंबी छुट्टी में चले जाते हैं। लोगों का कहना है कि जो डाक्टर पर्वतीय क्षेत्र के किसी अस्पताल में रहकर काम करना चाहता है और उनके बारे में लोगों को परेशान करने की शिकायतें नहीं हों तो उन्हें वहीं काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।
