
कोटली (मंडी)। सांसद प्रतिभा सिंह ने सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 60 लाख की लागत से निर्मित नगरेहड़-तरयासल तथा 40 लाख से बनी लोट-पपराहल सड़क का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया। दोनों संपर्क मार्गों पर उन्होंने परिवहन निगम की बस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा भी मौजूद थे।
प्रतिभा सिंह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोखड़ा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता कर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि 188 लाख की लागत से गोखड़ा-निचला लोट-खजरौण सड़क को शीघ्र ही लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोखड़ा में साइंस लैब का निर्माण करने का भरोसा दिया। उन्होंने सांसद निधि से खोफला-पपराहल के लिंग रोड के लिए 2 लाख, प्राथमिक पाठशाला लोट की चहारदीवारी के लिए दो लाख, लिंग रोड बग्गी-शिल्ही सवाड़ी के लिए डेढ़ लाख देने की घोषणा की।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि गोखड़ा स्कूल के खेल मैदान के लिए 23 लाख तथा बग्गी-तुगंल में स्टेडियम के निर्माण के लिए 40 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इस मौके पर प्रधानाचार्य सुषमा वैद्य सहित खेम सिंह ठाकुर, नारायण सिंह गुलेरिया, रवि सिंह ठाकुर, चंपा ठाकुर, केहर सिंह ठाकुर, राजेंद्र मोहन, यशकांत कश्यप आदि मौजूद रहे।
