प्रतिभा की जीत पर संजौली में फोड़े पटाखे

शिमला। मंडी लोकसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह की जीत पर राजधानी में जमकर जश्न मनाया गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
परिणाम को लेकर कार्यकर्ता खूब उत्साहित थे। टीवी और रेडियो के माध्यम से मतगणना की लगातार अपडेट प्राप्त की जा रही थी। शहर के सबसे बड़े उपनगर संजौली में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मोबाइल के जरिये रिजल्ट का अपडेट जानने में लगे रहे। लगातार कांग्रेस ऑफिस फोन कर लीड की जानकारी ली जा रही थी। मंडी में मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से भी लगातार संपर्क साधा जा रहा था। डेढ़ बजे जैसे ही चुनाव परिणाम घोषित हुआ, कार्यकर्ता सड़कों पर निकल आए और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता विनीत शर्मा (विनय) ने बताया कि प्रतिभा सिंह की जीत ने सरकार की लोकप्रियता को सिद्ध कर दिया है। एक लाख से अधिक मतों से हुई जीत ने भाजपा के खोखले दावों की पोल खोल दी है। संजौली में कांग्रेस की जीत का जश्न मनाने के बाद पार्टी कार्यालय राजीव भवन में जाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को भी बधाई दी। इस मौके पर संजय बहल, शिक्षा शर्मा, बॉबी वर्मा, बिट्टू काल्टा, शकुन सेमटा, रोहित चौहान, अभिनव चौहान, अनुभव शर्मा, रितेश, कपिल शर्मा, जीवानंद, प्रकाश वशिष्ठ, अतुल शर्मा व मोहित आदि मौजूद रहे।

Related posts