
मंडी। चुनाव प्रचार अभियान के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में चुनावी जनसभाएं कर वोट मांगे। प्रचार में बेटी अपराजिता ने भी करीब 12 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी मां प्रतिभा सिंह का पूरा साथ दिया। प्रतिभा भरमौर में चुनाव प्रचार कर रामपुर के लिए रवाना हो गईं। गत वीरवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने जोगिंद्रनगर हलके में देर शाम तक कई चुनावी जनसभाएं कीं। जिसके बाद रात 12 बजे मैला पहुंची। शुक्रवार को प्रतिभा सिंह ने सुबह सात बजे से प्रचार अभियान शुरू किया। भरमौर और लिली में चुनावी जनसभाएं कर प्रतिभा सिंह ने लोगों से वोट और स्पोर्ट की अपील की है। भरमौर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पर उनका जोरदार स्वागत किया। प्रचार के अंतिम दिन प्रतिभा सिंह सुबह से शाम तक चुनावी जनसभाओं में व्यस्त रहीं। चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रतिभा मंडी-कुल्लू होतेे हुए रामपुर के लिए रवाना हो गईं। नामांकन के बाद प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा हलकों में चुनावी जनसभाएं कर वोट मांगे। करीब 12 विधानसभा क्षेत्रों में बेटी अपराजिता ने भी प्रतिभा सिंह का पूरा साथ दिया। हर चुनावी जनसभा में अपराजिता भी मां प्रतिभा सिंह के साथ खड़ी रहीं। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल शर्मा ने बताया कि भरमौर में ठाकुर सिंह भरमौरी, चौधरी चंद्र कुमार, अमित भरमौरी, कुलदीप पठानिया, केवल सिंह पठानिया ने प्रतिभा सिंह का स्वागत किया।
