प्रचार के लिए खूब बहाना होगा पसीना

केलांग (लाहौल स्पीति)। करीब 33 हजार वर्ग किलोमीटर के दायरे में फैले देश के सबसे दुर्गम संसदीय क्षेत्रों में शुमार मंडी लोकसभा क्षेत्र में बर्फ बारी से चुनाव प्रक्रिया के साथ ही प्रचार अभियान पर भी असर पड़ सकता है। मंडी संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाले दोनों विधानसभा क्षेत्रों लाहौल-स्पीति और पांगी-भरमौर में कई दिन से बारिश के साथ ही हिमपात का क्रम भी जारी है। इससे चुनाव के मद्देनजर रोहतांग दर्रा को समय पर बहाल करने के अभियान को झटका लग सकता है। शुक्रवार को भी रोहतांग समेत लाहौल के कई हिस्सों में बर्फबारी होने के कारण बीआरओ ने बर्फ हटाने के अभियान को रोक दिया है। मौसम के मौजूदा मिजाज को देखते हुए मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के लाहौल स्पीति सहित पांगी-किलाड़ में चुनाव प्रचार अभियान को जारी रखने में संशय बना हुआ है। रोहतांग दर्रा देरी से बहाल होने की सूरत में प्रत्याशी पांगी-किलाड़ और लाहौल स्पीति के करीब पचास हजार वोटरों तक नहीं पहुंच पाएंगे। जबकि, खराब मौसम के बीच रोहतांग दर्रा को बहाल होने में अभी भी लगभग एक महीने का समय लग सकता है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पार्टी की ओर से यह कोेशिश रहेगी कि चारों प्रत्याशी अपने-अपने संसदीय क्षेत्र के हर विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच कर जनता से खुद वोट की अपील करें। जबकि मंडी, किन्नौर और भरमौर विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी एवं विधायक रवि ठाकुर का कहना है कि बर्फबारी और खराब मौसम के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता अपनी पंचायतों में चुनाव प्रचार के लिए जुट गए हैं। उन्होंने दावा किया है कि प्रतिभा सिंह लाहौल स्पीति विधानसभा क्षेत्र में पहुंच कर जनता से खुद भी वोट की अपील करेंगी।

Related posts