प्याज ने तोड़ा 15 साल का रिकार्ड

बिलासपुर। कमरतोड़ महंगाई ने रसोईघर का बजट कई गुना अधिक बढ़ गया है। प्याज की कीमत ने सब्जी का जायका खराब कर दिया है। प्याज में आए उछाल ने लोगों के आंसू निकाल दिए हैं तो अन्य सब्जियां रसोईघर से गायब हैं। प्याज गरीबों की पहुंच से दूर हो गया है तो अमीर भी किलोग्राम में नहीं पाव में खरीदारी करने लगे हैं।
सब्जियों के दाम सातवें आसमान पर हैं। भिंडी, शिमला मिर्च और फूलगोभी की कीमत 40 से 60 रुपये तक हैं। बढ़ती कीमत की वजह से जहां सामान्य लोगों ने प्याज की खरीदारी बंद कर दी है, वहीं अमीर लोग पाव में प्याज की खरीदारी करने को मजबूर हो रहे हैं। शहर के देवेंद्र, केवल राम, अमरीक ने कहा कि उनकी याद में इससे पहले प्याज कभी इतनी महंगी नहीं बिकी।
वर्ष 1998 में प्याज की कीमत 50-60 रुपये तक पहुंची थी। इस बार की कीमत ने पिछले तमाम रिकार्ड तोड़ दिए हैं। बिलासपुर में प्याज 70 से 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। थोक में भी प्याज की कीमत 60 से 64 रुपये तक दर्ज की जा रही है।
इस बार प्याज ने तमाम रिकार्ड तोड़ दिए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासकाल के दौरान प्याज 50 से 60 रुपये किलोग्राम तक पहुंचा था। वर्ष 2002 में प्याज की कीमत 40 रुपये तक पहुंच गई जबकि पिछले साल प्याज 30 से 35 रुपये तक रहा। बिलासपुर के बाजारों में प्याज की कीमत 70 से 80 रुपये तक दर्ज की जा रही है।

फोटा 16 से 20 तक।

1. प्याज की बढ़ती कीमत से रसोईघर का बजट ही गड़बड़ा गया है। हर वस्तु की बढ़ती कीमत से खर्चा चलाना तक मुश्किल हो गया है। कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस नीति बनानी चाहिए। ……गीता देवी, निहाल सेक्टर।
2. प्याज 80 रुपये किलोग्राम तक पहुंच गया है। इतना महंगा प्याज लेने से उन्होंने तौबा कर दिया है। लहसुन से ही काम चलाया जा रहा है। ….कांता कौशल, रौड़ा सेक्टर
3. प्याज ही नहीं अन्य सब्जियां भी महंगी हो गई है। महंगाई के चलते उनका बजट बुरी तरह से गड़बड़ हो गया है। महंगाई पर नियंत्रण के लिए जमाखोरों पर सरकार को नजर रखनी चाहिए। …..अंजली शर्मा, नयनादेवी
4. एक दौर था जब प्याज किलो-दो किलो में खरीदा जाता था। लेकिन, आज महंगाई इतनी है कि अब या तो प्याज ही बंद कर दिया गया है या फिर पाव में खरीदने की नौबत हो गई है।…..सुनील ठाकुर, रौड़ा
5. महंगाई के कारण सब्जियां खरीदनी मुश्किल हो गई है। प्याज सहित सारी सब्जियां महंगी है। दालें के दाम भी कम नहीं। ऐसे में बजट गड़बड़ हो गया है। मुश्किल से एडजेस्ट करना पड़ रहा है।….शशि शर्मा, नयनादेवी

बाहर से आ रहीं सब्जियां
प्याज समेत अन्य तमाम सब्जियां बाहर से आ रही है। प्याज तो दिल्ली की आजादपुर मंडी से यहां पहुंच रही है। प्याज लगातार ऊंचे दाम पर आ रही है। अन्य सब्जियां भी पंजाब से यहां आ रही हैं। कृषि उपज एवं विपणन समिति के सचिव सुशील गुलेरिया ने कहा कि बाहरी राज्यों से सब्जियां आने के कारण महंगी हो रही है।

बिलासपुर में सब्जियों के दाम
सब्जी थोक भाव परचून भाव
प्याज 60-64 70-80
फूलगोभी 30-35 40-50
शिमला मिर्च 45-50 55-60
खीरा 16-18 25-30
आलू 12-14 20-25
मूली 10-15 10-20
पालक 10-20 20-25
भिंडी 25-30 35-40
बैंगन 10-15 15-20

Related posts