पोस्टर मेकिंग में अव्वल रही अंजुम

बिलासपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के तहत शुक्रवार को चांदपुर क्षेत्र में स्थित शिवा इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न स्पर्धाएं भी आयोजित की गईं। प्रशिक्षुओं को एचआईवी-एड्स व नशाखोरी से बचाव तथा स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित पोस्टर मेकिंग स्पर्धा में अंजुम, उष्मा व श्यामा कुमारी ने क्रमानुसार पहले तीन स्थान हासिल किए। प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में रिशव व साथी पहले, पंकज व साथी दूसरे तथा राखी व सखियां तीसरे स्थान पर रहे।
अपने संबोधन में सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी लेखराम ने कहा कि एचआईवी-एड्स जैसे जानलेवा रोगों से बचाव का सबसे कारगर उपाय जागरूकता ही है। नशे की हालत में युवा न केवल कई गलतियां कर देते हैं, बल्कि आपराधिक वारदातों को भी अंजाम दे डालते हैं। लिहाजा युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। अपनी किसी भी तरह की समस्या अथवा शंका के समाधान के लिए युवा नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के परामर्श केंद्र में संपर्क कर सकते हैं।
स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लेखराम ने कहा कि स्वेच्छा से दान किया गया रक्त आपात स्थिति में किसी जरूरतमंद को नई जिंदगी प्रदान कर सकता है। कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। इससे शरीर में किसी तरह की कमजोरी नहीं आती। संस्थान की उप प्राचार्या डा. शिल्पा गोयल ने प्रशिक्षुआें को अनुशासन में रहते हुए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। स्वास्थ्य शिक्षक राकेश बाबू व लक्ष्मी ठाकुर ने भी प्रशिक्षुओं का मार्गदर्शन किया।

Related posts