पोलियो उन्मूलन को जागरूक रहने की जरूरत

अल्मोड़ा। जिला टास्क फोर्स फार लैब कटेंनमेंट की बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए जागरूक रहने की आवश्यकता है। कहा कि परीक्षण लैबों से उत्पन्न होने वाले कचरे का उचित निस्तारण किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी लैब पूर्ण सतर्कता के साथ काम करें। सभी लैब संचालक कमेटी के साथ समन्वय स्थापित कर अपने यहां की निष्प्रयोज्य सामग्री का निस्तारण करें। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. गीता शर्मा ने कहा कि बायोमेडिकल प्रयोगशालाओं के सर्वे के लिए प्रारूप तैयार किया गया है। सभी प्रयोगशालाओं से जुड़े लोग प्रारूप के अनुसार रिपोर्ट देंगे। टास्क फोर्स में स्वास्थ्य विभाग के अलावा कृषि, पशुपालन, जल निगम, जल संस्थान को भी शामिल किया गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डा. डीएस खन्ना ने प्रोजेक्टर के माध्यम से जानकारी दी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एसके सिंह ने बताया कि बायोमेडिकल प्रयोगशालाओं से उत्पन्न प्रदूषण में पुन: पोलियो वायरस पाए जाने की स्थिति को देखते हुए सरकार ने जिला और राज्य स्तर पर कमेटी गठित की है। सभी को जागरूक रहना होगा। बैठक में जीबी पंत संस्थान के वैज्ञानिक डा. एसके नंदी, सीएमएस डा. जीसी पांडे, बेस डा. पीके उप्रेती, रानीखेत के सीएमएस डा. डीएस नेई, डा. निशा पांडे, डा. विनीता जोशी, किसन पंत, बीपी साह, ललित पांडे आदि उपस्थित थे।

Related posts