
ऊना। सात मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के मतदान के लिए सोमवार को पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री लेकर रवाना हो गईं। जिला प्रशासन ने सुचारु एवं शांतिपूर्वक मतदान सुनिश्चित करवाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। डीसी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे पोलिंग स्टेशनों में मोबाइल न लेकर जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक जैन ने सोमवार को बताया कि जिला में 508 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 170 पोलिंग स्टेशनों पर माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए गए हैं। जिला के पांच पोलिंग स्टेशन मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जबकि 6 पोलिंग स्टेशन की लाइव वेबकास्टिंग होगी और इंटरनेट के माध्यम से यहां मतदान प्रक्रिया देखी जा सकेगी। इन मतदान केंद्रों में ऊना की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल एवं कन्या, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूबोबाल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या चलेट और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा में बनाए गए मतदान केंद्रों के अलावा डिग्री कालेज अंब में बनाया गया मतदान केंद्र शामिल है। डीसी ने बताया कि डब्ल्यूडब्ल्यूडाटएचपीऊनाडाटजीओवीडाटइन पर लिंक डाला जाएगा और इस लिंक के जरिये इंटरनेट के माध्यम से इन मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया देखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा मतदाताओं के घर पर मतदान पर्चियां पहुंचाई जा रही हैं। इन वोटर स्लिपों के पास होने पर मतदाताओं को कोई अन्य दस्तावेज दिखाने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि 7 मई को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा और सांय 6 बजे तक जारी रहेगा।
उन्होंने पोलिंग एजेंटों से भी समय पर अपने पोलिंग स्टेशन पहुंचने को कहा है, ताकि सुबह 6 बजे उनके सामने मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी हो सके। उन्होंने कहा कि पिछले कल 11 बजे से जिला के सभी बार्डर प्वाइंट्स पर वीडियो रिकार्डिंग शुरू कर दी गई है। डीसी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, एसडीएम व तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि वे ज्यादा से ज्यादा समय अपने क्षेत्र में राउंड लगाकर यह सुनिश्चित करें कि कहीं कुछ गलत व अनाधिकृत तो नहीं हो रहा।
