
बिलासपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश नरेंद्र चौहान ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर जोर देने के आदेश दिए हैं। वह बिलासपुर में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने आदेश दिए कि पोलिंग पार्टियों को पूरी तैयारी के साथ समय पर रवाना करें। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सूचना प्रतिदिन संबंधित केंद्रीय पर्यवेक्षकों को भेजने के भी आदेश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों और मतदाताओं की शिकायतों का समय पर निपटाने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को जागरूक करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक पोलिंग हो। निर्देश दिए कि वे ईवीएम को पूरी तरह तैयार रखें। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट पेपर समय पर प्रेषित किए जाने चाहिए। अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि वे संबंधित मतदान केंद्र के अंतर्गत आने वाले वोटरों को उनके घर द्वार पर मतदाता पहचान पर्ची वितरित करें और मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शिकायत के लिए राजनीतिक दल या मतदाता राज्य पुलिस पर्यवेक्षक राजेश रंजन से मोबाइल नंबर 98054-53070 पर संपर्क कर सकते हैं। खर्चे संबंधी शिकायतें केंद्रीय व्यय पर्यवेक्षक आशीष त्रिपाठी के मोबाइल नंबर 98054-70904 पर संपर्क किया जा सकता है। निर्वाचन से संबंधित शिकायतों के लिए पर्यवेक्षक उत्पल कुमार सिंह से 98160-48690 पर संपर्क करें।
बैठक में राज्य पुलिस पर्यवेक्षक राजेश रंजन, पुलिस अधीक्षक कपिल शर्मा, एडीएम प्रदीप ठाकुर, एसडीएम डा. एमएल मेहता, तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा, नायब तहसीलदार उषा चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
संवेदनशील-अति संवेदनशील बूथों में बढ़ाएं सुरक्षा
बिलासपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील पोलिंग बूथों पर कड़ी सुरक्षा के भी आदेश दिए। उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी डा. अजय शर्मा ने बताया कि विभिन्न प्रकार के प्रचार माध्यमों से स्वीप के तहत लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं। पंजाब की सीमा से सटे मतदान केंद्रों गड़ा, बैहल-1, बैहल-2, झिरियां, लखनु, झिड़ा, टोबा, बिहारड़ा, बस्सी, दबट, मजारी, बरोटा धवाला, जंडोरी, धलेत, समतेहण, तरसूह तथा ग्वालथाई में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी तथा इन मतदान केंद्रों पर सभी प्रकार से कड़ी नजर रखी जाएगी।
