पोर्टमोर स्कूल ओवरऑल चैंपियन

रामपुर बुशहर। पदम वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर में आयोजित छात्राओं की अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया है। समापन अवसर पर सीपीएस एवं स्थानीय विधायक नंद लाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में पोर्टमोर स्कूल को ओवरऑल चैंपियन चुना गया। बास्केटबॉल में मत्याना स्कूल की छात्राओं ने पोर्टमोर स्कूल को हराकर विजेता के खिताब पर कब्जा जमाया।
वॉलीबाल में छवारा जोन ने रोहडू को हराकर पहला स्थान हासिल किया। खो-खो में ठियोग स्कूल की छात्राओं ने नेरवा को हराकर पहले स्थान पर बाजी मारी। कबड्डी के फाइनल में रोहडू स्कूल ने नेरवा को हरा कर प्रतियोगिता पर कब्जा किया। हॉकी में संजोली स्कूल ने जुन्गा को हराकर पहले स्थान पर बाजी मारी। बॉक्सिंग मुकाबले में किन्नू स्कूल की छात्रा ने पहला स्थान हासिल किया। इस मौके पर सीपीएस नंद लाल ने विजेताओं को संबोधित करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की और विजेता बनने पर उन्हें बधाई दी। वहीं समापन अवसर पर रोहडू की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिला भर के 11 जोनों के 28 स्कूलों से आई 500 से अधिक छात्राओं ने दमखम दिखाया।
इस मौके पर तहसीलदार रामपुर मुकेश शर्मा, डीएसपी रामपुर सोम दत्त, रावमापा रामपुर के प्रधानाचार्य राकेश कुमार वशिष्ठ, बीडीसी वाइस चेयरमैन राजीव ठाकुर, एसएचओ रामपुर मथुरा दास, किन्नू स्कूल के डीपी दुर्गा प्रसाद और सभी जिला भर के स्कूलों से आए खेल प्रशिक्षकाें ने भाग लिया।

Related posts