पोखरी-खंतोली मोटर मार्ग बदहाल

कांडा। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से पोखरी-खंतोली मोटर मार्ग कई जगह ध्वस्त हो गया है। मार्ग बदहाल होने से क्षेत्र के लोगों को फजीहत झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने लोनिवि से शीघ्र मार्ग की दशा सुधारने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि पांच साल पूर्व विजयपुर से पांच किमी पोखरी-खंतोली मोटर मार्ग का निर्माण हुआ था। एक साल पूर्व मार्ग पर डामर हुआ। लेकिन नाली निर्माण नहीं होने से जंगलों का सारा पानी सड़कों पर आ रहा है। गत दिनों लगातार हुई बारिश से सड़क बदहाल हो गई है। लोगों को कई किमी पैदल चलना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी रोगियों को मुख्य मार्ग तक लाने में हो रही है। इस मार्ग से पोखरी, खंतोली, नाघर और कभाटा गांव जुड़े हैं। सड़क के अभाव में सभी परेशान है। उन्होंने लोनिवि से शीघ्र मार्ग की सुध लेने की मांग की है। मांग करने वालों में पूरन चंद्र पंत, ललित पंत, शेखर चंदोला, गिरीश चंदोला, मुरलीधर चंदोला, मोहन राम, हरीश राम, गोपाल राम, प्रमोद राम आदि शामिल हैं। इघर लोनिवि का कहना है कि मार्ग में मरम्मत का कार्य स्वीकृत है। बजट मिलते ही कार्य शुरू हो जाएगा।

Related posts