
रामपुर बुशहर। प्रदेश में पॉलीथिन पैक में बिक्री पर अचानक प्रतिबंध लगाए जाने पर रामपुर के व्यापारी भड़क उठे हैं। व्यापारियों ने शनिवार को बैठक करके सरकार के निर्णय को गलत करार दिया। व्यापारियों ने कहा कि इस समय उनके पास स्टॉक में पॉलीथिन युक्त लाखों रुपये का सामान पड़ा है। ऐसे में सरकार के प्रतिबंध के निर्णय के कारण उनको नुकसान उठना पड़ेगा। व्यापारियों ने मांग की कि स्टॉक में पड़े पॉलीथिन युक्त सामान को बेचने के लिए कम से कम छह माह का समय दिया जाए।
व्यापार मंडल अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि पॉलीथिन पैक में बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय सही है लेकिन इसे जल्दबाजी में लागू किया गया है। इस समय व्यापारियों के पास लाखों रुपये का पॉलीथिन युक्त सामान पड़ा है। सरकार को पहले इस सामान को बेचने के लिए व्यापारियों को समय देना चाहिए था। उसके बाद ही प्रतिबंध के निर्णय को लागू किया जाता। लेकिन, अचानक प्रतिबंध लगाए जाने से उनको नुकसान उठाना पड़ेगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश गुप्ता, उपाध्यक्ष नवनीत अग्रवाल, सचिव अश्वनी मित्तल, सह सचिव सुशील कुमार, कोषाध्यक्ष दीपक सूद ने सरकार से मांग की है कि व्यापारियों को कम से कम छह महीने का समय दिया जाए। उसके बाद पॉलीथिन पैक में बिक्री पर प्रतिबंध लगाने में व्यापारी पूरा सहयोग करेंगे अन्यथा फैसला वापस न लेने पर विरोध किया जाएगा। प्रदेश में सरकार ने एक जुलाई से पॉलीथिन पैक पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसके तहत दूध, दही और ब्रैड को छोड़कर कोई भी वस्तु पॉलीथिन पैक में बेची नहीं जा सकेगी।
