
चंबा। सकलाना क्षेत्र में हारुल पुत्र अब्दुल मजीद निवासी बिजनौर अपने पुत्र और नौकर के साथ नौ सितंबर को खच्चर बेचने के लिए मालदेवता आया था। 10 सितंबर को तीनों लोग सत्यों में एक निर्माणाधीन मकान में रुके। इस दौरान उसका बेटा कहीं चला गया। रात के डेढ़ बजे कुछ अज्ञात लोगों ने हारुल के सिर पर पत्थरों से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान नौकर वाहिद पुत्र इसयायिल निवासी बुडगरा तीरथपुर बिजनौर भी घायल हो गया। 11 सितंबर को नौकर की ओर से कुमाल्डा चौकी में अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घटना की जांच में पुलिस को नौकर पर शक हुआ तो सख्ती बरतने के बाद उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। चंबा थानाध्यक्ष पंकज देवरानी ने बताया कि नौकर से 55 हजार 150 रुपये बरामद किए गए हैं। हमले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी नौकर को जान से मारने और लूटपाट के आरोप में जेल भेजा गया है।
