पैरामेडिकल स्टाफ के 700 पद सृजित : कौल सिंह

हमीरपुर। स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत 200 चिकित्सकों तथा 700 पैरामेडिकल स्टाफ के नए पद सृजित किए गए हैं। रविवार को मैड में 43 लाख की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चालू वित्त वर्ष के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर 1187 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है, 220 करोड़ केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत मंजूर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मातृ तथा शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए एनआरएचएम के तहत जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम आरंभ किया गया है। हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में देश में अव्वल रहा है। हमीरपुर जिला स्वास्थ्य कार्यक्रमों के कार्यान्वयन में अव्वल रहा है। मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की गई है। स्वास्थ्य केंद्रों में चरणबद्ध तरीके से रिक्त पदों को भरा जा रहा है। स्वास्थ्य निदेशक डा डोगरा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। एपीएमसी के चेयरमैन प्रेम कौशल, केसीसीबी के उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, पूर्व मंत्री रणजीत सिंह वर्मा, नरेश ठाकुर, निदेशक खेल परिषद अरूण ठाकुर, कांग्रेस के प्रवक्ता दीपक शर्मा, वरिष्ठ नेता सीता राम भारद्वाज, उपाध्यक्ष राम चंद पठानिया, सेवादल के संयोजक जगजीत ठाकुर, पीसीसी डेलिगेट राजेंद्र जार, एनएचआरएम के सदस्य बलविंद्र बबलू, भोरंज ब्लाक अध्यक्ष राजीव मेहर, जुगल किशोर, डा. आरसी डोगरा, पूर्व प्रत्याशी रमेश डोगरा आदि उपस्थित थे।

Related posts