
उत्तरकाशी। भटवाड़ी से पैदल उत्तरकाशी की ओर लौट रहे मुरैना मध्यप्रदेश के तीर्थयात्री अखिलेश गुप्ता(55) की औंगी के पास तबियत बिगड़ने से मौत हो गई।
मुरैना मध्यप्रदेश, दिल्ली तथा आगरा व फिरोजाबाद के तीर्थयात्रियों का 29 सदस्यीय दल सात दिनों से गंगोत्री की ओर फंसा हुआ था। किसी तरह की सरकारी मदद न मिलने पर ये यात्री पैदल ही जंगल की पगडंडियां लांघते हुए उत्तरकाशी की ओर बढ़े। शुक्रवार को मनेरी से इस ओर बढ़ते समय मुरैना निवासी अखिलेश गुप्ता की तबियत बिगड़ गई। साथ चल रहे परिजनों ने 108 तथा पुलिस को इसकी सूचना दी। लेकिन तीन घंटे तक तड़पते रहने के बाद भी कोई मदद न मिलने पर उन्होंने दम तोड़ दिया। साथ चल रहे यात्री आगरा निवासी पंकज गुप्ता ने बताया कि समय पर मदद मिलती तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। अब भी दुर्गम रास्तों पर पैदल चल रहे कई यात्रियों की हालत मरणासन्न है।
