
बागेश्वर। धरमघर के चुचेर गांव में निर्माणाधीन पेयजल योजना में कथित अनियमितताओं को दूर करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने यहां नारेबाजी की। अभियंता ने ग्रामीणों की समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया।
चुचेर के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो साल से 38.30 लाख की लागत से पेयजल योजना का काम चल रहा है। इस योजना के साथ चुचेर गांव और उसके तोक जुड़े हैं, लेकिन आज तक इस योजना का काम पूरा नहीं हुआ है। लाइन में पुराने पाइप लगाए जा रहे हैं। लाइनें अस्त व्यस्त हैं। ग्रामीणों के अनुसार इन खामियों को दूर करने की कई बार मांग की गई। आरटीआई के तहत भी सूचना मांगी गई, जो आज तक नहीं दी गई। इस संबंध में ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार जल निगम के अधिशासी अभियंता डीसी मित्तल से मुलाकात कर समस्याएं बताई। ग्रामीणों के अनुसार अधिशासी अभियंता ने पेयजल योजना को शीघ्र बनाने, मध्य स्थान पर जलाशय बनाने, पाइप लाइनों को ठीक करने, मंदिर में भी पानी का कनेक्शन देने का आश्वासन दिया है। यहां पहुंचे ग्रामीणों में भगत सिंह, चंद्र सिंह, मान सिंह, नेत्र सिंह, खीम सिंह,शेरसिंह, राजेंद्र सिंह, जोगा सिंह, प्रयाग दत्त आदि शामिल थे।
