पेयजल योजनाओं को 2.44 करोड़ स्वीकृत : धर्माणी

बिलासपुर। मुख्य संसदीय सचिव एवं घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश धर्माणी ने कहा कि तलाउ, पलासरा, कपाहड़ा इत्यादि पेयजल योजना के लिए 2.44 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं ताकि इन क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल की आपूर्ति सुचारु रूप से की जा सके।
मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी ने विकास खंड झंडूता द्वारा हरियाली कार्यक्रम के अंतर्गत गांव करलोटी में फलदार पौधों के वितरण समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि हरियाली कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत छत तथा करलोटी में 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की आर्थिकी को सदृढ़ करना है। लोग अपने घरों के आसपास खाली जमीन पर आम, लीची, पपीता, नींबू तथा अनार के पौधे लगा सकते हैं जिससे वे अपने परिवार के लिए फल तैयार कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं जिनका लोगों को लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर की वाइरिंग के लिए 50 हजार रुपये स्वीकृत किए। इसके अलावा लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इससे पहले विकास खंड अधिकारी झंडूता जीत राम ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने हरियाली कार्यक्रम के तहत करवाए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर विकास खंड झंडूता कनिष्ठ सहायक राज कुमार, पंचायत प्रधान विजयलक्ष्मी, जेपी मल्होत्रा, सहायक अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग देवराज शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

Related posts