
घनसाली (टिहरी)। पेयजल निगम कार्यालय को घनसाली से नई टिहरी जिला मुख्यालय शिफ्ट करने पर स्थानीय लोग भड़क उठे हैं। पेयजल निगम कार्यालय यथावत रखने की मांग पर सोमवार को लोगों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। पेयजल मंत्री को प्रेषित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। कार्यालय शिफ्ट करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मुख्य अभियंता सुनील कुमार ने 14 जून को घनसाली जल निगम कार्यालय को समाप्त कर जिला मुख्यालय शिफ्ट करने के आदेश जारी किए हैं। समाचार पत्रों में यह खबर प्रकाशित होने के बाद कार्यालय यथावत रखने की मांग पर लोग मुखर होने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने निगम कार्यालय पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अधिकारी अपनी सुविधाओं के लिए कार्यालय जिला मुख्यालय शिफ्ट करने में लगे हैं। एसडीएम के माध्यम से पेयजल मंत्री को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया कि यदि कार्यालय को शिफ्ट किया गया तो वे सरकार के किसी भी मंत्री को क्षेत्र में घुसने नहीं देंगे। साजिश रचने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की गई। जुलूस-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान ब्रह्मानंद नवानी, व्यापार मंडल अध्यक्ष पारेश्वर बडोनी, ध्यान सिंह पंवार, हीरामणी जोशी, कमल सिंह, महादेव नौटियाल, सावन सिंह, राजेश जोशी, गोविंद नाथ, महीधर प्रसाद शामिल थे। पेयजल निगम कार्यालय को तोड़कर जिला मुख्यालय शिफ्ट किए जाने पर प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी ढुंगमंदार के 27 गांवों के लोगों ने भी आंदोलन की चेतावनी दी है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रतन सिंह रावत, साहब सिंह कुमाई, सत्ये सिंह, सूरत सिंह, तेज सिंह, दाताराम, विनोद बडोनी, शांति भट्ट ने कहा आदेश को निरस्त नहीं किया गया तो किसी भी दिन क्षेत्र की जनता चक्काजाम, धरना-प्रदर्शन को बाध्य होगी।
