
नाहन (सिरमौर)। शहर में चल रही पेयजल किल्लत को देखते हुए नाहन मंडल भाजपा ने कड़ा रोष जताया है। मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा ने मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताआें की ओर से आईपीएच विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शहर में पेयजल सप्लाई को सुचारु नहीं किया गया तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। नेताओं ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर से लेकर गांव तक पीने के पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है।
हैरानी है कि सरकार तथा विभाग की ओर से जनता को क्षेत्र के किसी भी हिस्से में टैंकर उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। शहर के कई क्षेत्रों में तीसरे दिन पानी सप्लाई किया जा रहा है। विभाग के लाइनमैन जनता की समस्या नहीं सुन रहे। विभाग का अपने कर्मचारियों के ऊपर से नियंत्रण हटता जा रहा है।
वर्मा ने साफ शब्दों में कहा है कि शहर के एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों में पीने के पानी की सप्लाई भेदभावपूर्ण तरीके से की जा रही है। पानी का समान वितरण नहीं हो पा रहा है। आम आदमी पानी की बूंद-बूंद को तरस रहा है। उन्होंने कहा कि नाहन भाजपा मंडल इस मामले में लोगों की समस्या को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए एक बड़ा आंदोलन छेड़ने की तैयारी में है। भाजपा ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शहर में समान पेयजल वितरण लागू नहीं किया गया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ेगा। इस मौके पर महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा तोमर, पार्षद निति अग्रवाल, अशोक विक्रम, प्रतिभा कौशिक, विनोज शर्मा, देवेंद्र अग्रवाल, संजीव चौहान, शीला जोशी, ओम प्रकाश सैनी, विशाल तोमर, केशवा नंद तथा जिला प्रवक्ता राकेश गर्ग मौजूद थे।
