
बंजार (कुल्लू)। स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाने के लिए कुल्लू, मनाली और रामपुर के लिए 140 करोड़ की राशि स्वीकृति की गई है। बंजार में अपने चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने सोमवार को बंजार के थाटीबीड, जिभी, पलाच, लारजी और सैंज में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कुल्लू में पेयजल योजना के लिए 82.18 करोड़, मनाली में पेयजल योजना के लिए 22.75 करोड़ और रामपुर में पेयजल योजना के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृति हुए। कुल्लू-मनाली में पर्यटन कारोबार को विकसित करने के लिए कीरतपुर से नेरचौक और नरेचौक से मनाली तक फोरलेन बनाने के लिए अरबों रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। सैंज-औट-लहूरी मार्ग के लिए 55 करोड़ रुपये स्वीकृति किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग केवल धर्म, जाति और क्षेत्रवाद की राजनीति करते हैं। भाजपा ने अपने शासन काल में कॉलेज तो खोले दिए, लेकिन न बजट का प्रावधान किया, न स्टाफ का और न ही भवन का। इस दौरान बंजार के विधायक कर्ण सिंह ने भी लोगों को बंजार क्षेत्र में कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों से अवगत करवाया। कर्ण सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह ने गाड़ागुशैणी में कॉलेज और क्षेत्र में कई स्कूलों को अपग्रेड कर क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं प्रदान की हैं। भाजपा के शासन काल में सड़कों की हालत खस्ता हो गई थी। कांग्रेस सरकार ने उन सड़कों की हालत को सुधारने का प्रयास किया है।
इस दौरान हर्ष महाजन, अतुल शर्मा, मंडी संसदीय क्षेत्र के युकां अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, बंजार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल, प्रभा पालसरा, किशन ठाकुर, ममता ठाकुर, शारदा कटोच, थरवण पालसरा, पिंगला, धर्मपाल और टीसी महंत आदि मौजूद थे।
