
शिलाई (सिरमौर)। क्षेत्र में आईपीएच विभाग के पास उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन देने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं है। विभाग ने फिलहाल उपभोक्ताआें को नए कनेक्शन जारी करने से साफ मना कर दिया है। इस मामले में विभाग के अधिकारियों का साफ तौर पर कहना है कि नेड़ा खड्ड उठाऊ पेयजल योजना की जितनी क्षमता है विभाग उससे कई अधिक उपभोक्ताओं को कनेक्शन दे चुका है।
गिरिपार क्षेत्र का केंद्र बिंदु शिलाई शहर में दिनों दिन रिहायश बढ़ रही है। रिहायशी क्षेत्रों का निर्माण हो रहा है। भारी संख्या में बस रहे लोगों को पानी की सख्त जरूरत है। अब विभाग इतने कनेक्शन दे तो दे कहां से? विभाग ने फिलहाल नए कनेक्शन जारी करना बंद कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब वह नए कनेक्शन का आवेदन भरते हैं तो इसे रिजेक्ट किया जाता है। अगर शिलाई में रिहायश बनानी हो तो पानी कहां से आए। उधर, इस संबंध में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग उप मंडल शिलाई के सहायक अभियंता पीसी शर्मा ने बताया कि शिलाई तथा आसपास के क्षेत्रों में नेड़ा खड्ड उठाऊ पेयजल योजना से सप्लाई दी जा रही है। विभाग पर नए कनेक्शन देने का बोझ है। योजना की क्षमता बढ़ाए जाने पर नए कनेक्शन अलाट होंगे।
